उत्तर प्रदेश, आगरा: सोमवार सुबह आगरा के पिनाहट कस्बे में तीन दिन से गायब आठ साल के बालक की बोरे में बंद खून से लथपथ लाश घर के पीछे मिलने से सनसनी फैल गई। परिजन और पुलिस तीन दिन से गांव से लेकर बीहड़ तक तलाश में जुटे थे। बालक का तेज धारदार हथियार से गला काटा गया है। शव के माथे पर तिलक लगा होने के की चर्चा के बीच तंत्र-मंत्र के चलते बच्चे की बलि देने की आशंका जताई जा रही है। डीसीपी पूर्वी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मोहल्ला नयापुरा में रहने वाले करण सिंह का बेटा रौनक तीन दिन पहले घऱ के बाहर खेलते समय लापता हो गया था। परिजनों ने चारों तरफ खोजबीन की, मगर कही पता नहीं चला। न मिलने पर पिनाहट थाने में जाकर अपहरण की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। पुलिस के अलावा परिवारीजन भी अपने स्तर से बालक को ढूंढने में लगे हुए थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।
ग्रामीणों ने पुलिस को शव नहीं उठाने दिया
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।डीसीपी पूर्वी, एसीपी, थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर पहुंची पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। ग्रामीणों का कहना था कि फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया जाए।बाद में डीसीपी के निर्देश पर डॊग स्कावड के अलावा फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों का कहना था कि वह सुबह पांच बजे गली से निकले थे, तब वहां पर बोरा नहीं था। सुबह 6:30 बजे बोरा गली मे पड़ा मिला। आशंका जताई जा रही है कि बालक को कस्बे मे किसी घर में बंधक बनाकर रखा गया था और शव देखे जाने के एक घंटे के दौरान हत्यारे ने मौका मिलते ही उसे गली में फेंक दिया।
डीसीपी पूर्वी अतुल शर्मा जल्द ही वारदात का खुलासा करेंगे
पुलिस ने शव का मुआयना किया तो लोगों को बालक के माथे पर तिलक लगा दिखा इससे आशंका जताई जा रही है कि कहीं अमावस्या की रात को तंत्र मंत्र के लिए रौनक की बलि तो नहीं दी गई है ? डीसीपी पूर्वी अतुल शर्मा का कहना है कि जल्दी ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा ।
