बिहार को शूटिंग हब बनाने की तैयारी तेज, मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार से मिले संजय भूषण पटियाला और अभिनेता पंकज केसरी
पटना। बिहार को देश का नया शूटिंग हब बनाने की दिशा में सरकार ने कदम तेज कर दिए हैं। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार से पटना में फिल्म प्रचारक एवं निर्माता संजय भूषण पटियाला ने मुलाकात की। इस दौरान साउथ फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित अभिनेता पंकज केसरी भी मौजूद रहे।
बैठक में बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति, राजगीर में प्रस्तावित फिल्म सिटी और फिल्म निर्माण के जरिए युवाओं को रोजगार से जोड़ने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
"बिहार बनेगा फिल्म निर्माण का बड़ा केंद्र": मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार
मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि बिहार में कला और संस्कृति की अपार संभावनाएं हैं। सरकार का विजन है कि बिहार सिर्फ कहानियों की धरती नहीं, बल्कि फिल्म निर्माण का बड़ा केंद्र भी बने।
उन्होंने कहा, "जिस तरह साउथ इंडस्ट्री ने अपनी क्षेत्रीय ताकत से राष्ट्रीय पहचान बनाई, वैसे ही बिहार भी आगे बढ़ेगा। हम फिल्म प्रोत्साहन नीति को और सरल बना रहे हैं ताकि बॉलीवुड और साउथ के निर्माता बिहार आएं। राजगीर और पटना के आसपास शूटिंग लोकेशंस को विकसित किया जा रहा है।"
"बॉलीवुड और बिहार के बीच बन रहा है ब्रिज": संजय भूषण पटियाला
फिल्म प्रचारक संजय भूषण पटियाला ने मंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा, "बिहार में फिल्म उद्योग को लेकर मंत्री जी की सोच बेहद सकारात्मक है। मैं लंबे समय से बिहार और बॉलीवुड के बीच ब्रिज बनने का काम कर रहा हूं।"
उन्होंने कहा कि पंकज केसरी जैसे प्रतिभाशाली कलाकार साउथ में बिहार का नाम रोशन कर रहे हैं। उनके अनुसार, यदि सरकार सब्सिडी और सिंगल विंडो क्लीयरेंस की सुविधा देती है तो साउथ और बॉलीवुड के बड़े प्रोजेक्ट बिहार में शूट होंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को बड़ा मंच मिलेगा। उन्होंने कहा, "हम सरकार के साथ मिलकर बिहार को शूटिंग हब बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
जल्द तैयार होगा रोडमैप
बताया गया कि जल्द ही इस विजन को लेकर एक बड़ा रोडमैप तैयार किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और लोकेशंस को प्राथमिकता दी जाएगी।
