Search News

डांडिया की धुन पर झूमे लखनऊवासी, ‘डांडिया नाइट में दिखा संस्कृति और उत्साह का संगम

डांडिया
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Dhirendra Mishra
  • Updated: October 22, 2026

• सिटी स्कूल ऑफ डांस एंड म्यूजिक के आयोजन में उमड़ी लोगों की भीड़, पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने गरबा-डांडिया से बांधा समां

लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। विकास नगर में सिटी स्कूल ऑफ डांस एंड म्यूजिक की ओर से आयोजित ‘डांडिया नाइट 2K26’ में संगीत, नृत्य और भारतीय लोक संस्कृति का मनमोहक संगम देखने को मिला। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे लोगों ने डांडिया और गरबा की धुनों पर जमकर कदम थिरकाए। उत्साह और उमंग से सराबोर इस आयोजन में शहरवासियों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। पूरे परिसर में उत्सवी माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में राहुल गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वह भाजपा उत्तर प्रदेश युवा मोर्चा के कोषाध्यक्ष होने के साथ लखनऊ स्थित आनंदी मैजिक वर्ल्ड के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) हैं। वहीं, साड़ी महल के विवेक बदलानी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके अलावा रागिनी श्रीवास्तव, गुंजन वर्मा, अरुण प्रताप सिंह और सुनीता राजपूत ने अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

 

आयोजन का नेतृत्व सिटी स्कूल ऑफ डांस एंड म्यूजिक की निदेशक दिव्या शुक्ला ने किया। कार्यक्रम में डांडिया नृत्य, गरबा और संगीत की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतिभागियों ने अपनी नृत्य प्रतिभा का प्रदर्शन करने के साथ भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति उत्साह भी दिखाया। आयोजन में बच्चों, युवाओं और अन्य आयु वर्ग के लोगों की भागीदारी ने सामूहिक उत्सव की भावना को मजबूत किया। इस अवसर पर दिव्या शुक्ला ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम लोगों को अपनी परंपराओं से जोड़ने के साथ कला और रचनात्मकता को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजनों से सामाजिक मेलजोल बढ़ता है और नई पीढ़ी को भारतीय लोक संस्कृति को करीब से जानने का मौका मिलता है।

‘डांडिया नाइट 2K26’ ने अपनी रंगारंग प्रस्तुतियों और उल्लासपूर्ण माहौल के बीच लखनऊ की सांस्कृतिक गतिविधियों में एक यादगार रंग भर दिया।

Breaking News:

Recent News: