कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
अमृतसर जिले के मजीठा इलाके में जहरीली शराब पीने से 14 लोगों की दुखद मौत हो गई है, जबकि छह अन्य गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। मृतकों में भंगाली कलां, मरडी कलां और जयंतीपुर गांवों के निवासी शामिल हैं। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची और पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाया। डिप्टी कमिश्नर अमृतसर साक्षी साहनी, एसएसपी अमृतसर ग्रामीण मनिंदर सिंह, सिविल सर्जन डॉ. कुलविंदर कौर, एसडीएम मजीठा डॉ. हरनूर कौर ढिल्लों समेत अन्य अधिकारियों ने प्रभावित गांवों का दौरा किया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी प्रभजीत सिंह समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों में प्रभजीत का भाई कुलबीर सिंह उर्फ जग्गू, साहिब सिंह उर्फ सराय, गुरजंट सिंह और निंदर कौर शामिल हैं। सभी के खिलाफ धारा 105 BNS और 61A एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
प्रभावित परिवारों ने आरोप लगाया है कि उनके परिजन शराब पीने के बाद उल्टियां करने लगे और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में नकली शराब का धंधा लंबे समय से चल रहा था, लेकिन प्रशासन ने इस पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं की थी। पंजाब सरकार ने घटना को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है और प्रशासन को पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद करने का निर्देश दिया है।
