कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में गुरुवार रात मौसम ने करवट ली। दिल्ली और गाजियाबाद में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई। हालांकि, सुबह धूप निकलने के बाद उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। राजधानी के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है जिससे यातायात पर असर पड़ा है।
वहीं उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, ओलावृष्टि और वज्रपात हुआ। गोरखपुर में भारी ओले गिरे, जिनकी वजह से 50 से अधिक गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। हेडलाइट, साइड मिरर और शीशे टूट गए। ओले इतने बड़े और तेज थे कि लोग दहशत में सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
गोरखपुर में वज्रपात की चपेट में आकर एक वृद्धा और एक किशोर की मौत हो गई। वहीं, बस्ती जिले में एक दंपती ने वज्रपात की चपेट में आकर दम तोड़ दिया।
मौसम विभाग के अनुसार, वायुमंडलीय अस्थिरता और शून्य से 80 डिग्री नीचे तापमान की स्थिति के कारण उत्तर प्रदेश के पूर्वी जिलों में यह स्थिति बनी। मौसम विशेषज्ञों ने अगले 24 घंटों तक और भीषण मौसम की चेतावनी दी है।
इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को 24 घंटे के भीतर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश अधिकारियों को दिया है। उन्होंने राहत और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने को भी कहा है।
