लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। खुर्रम नगर चौराहा स्थित एनएफसीआई होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट में शनिवार को प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि जिला रोजगार अधिकारी प्रज्ञा त्रिपाठी ने कहा कि बदलते दौर में कौशल आधारित शिक्षा रोजगार और आत्मनिर्भरता की कुंजी है। उन्होंने युवाओं से अपने हुनर को लगातार निखारने और रोजगार के नए अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि पीवीआर आईनॉक्स के हेड शेफ सौरभ, होटल सराका के जनरल मैनेजर आनंद कुमार अनंत तथा एचआर मैनेजर आशुतोष राय ने हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में करियर की संभावनाओं और प्रोफेशनल विकास पर जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप स्वयं को तैयार करने की सलाह दी। समारोह में एनएफसीआई लखनऊ के सेंटर डायरेक्टर अभिषेक श्रीवास्तव, एकता श्रीवास्तव, ब्रांच मैनेजर नव ज्योति सिंह सहित संस्थान की टीम मौजूद रही। बड़ी संख्या में अभिभावकों की उपस्थिति में प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
