Search News

संत रविदास जयंती पर भाजपा का 'समरसता संकल्प अभियान' शुरू, 29 जुलाई से 20 फरवरी तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम

भाजपा
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Dhirendra Mishra
  • Updated: July 25, 2026

लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी, लखनऊ महानगर ने शनिवार को हजरतगंज स्थित हलवासिया कोर्ट में 'समरसता संकल्प अभियान' कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा, आगामी कार्यक्रमों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह और महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने की। प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि संत रविदास का जीवन सामाजिक समरसता, समानता, सेवा और मानवता का प्रतीक है। उनके विचार आज भी समाज को जाति, वर्ग और भेदभाव से ऊपर उठकर एकता एवं सद्भाव का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा संत रविदास के आदर्शों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है और समरसता संकल्प अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि संत रविदास जयंती के उपलक्ष्य में 29 जुलाई से 20 फरवरी तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के अंतर्गत दीप उत्सव, संत सम्मेलन, कलश वंदन, समाज संपर्क, समरसता यात्रा और जनजागरण कार्यक्रमों का आयोजन होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। कार्यशाला में अभियान की कार्ययोजना, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संत रविदास के जीवन-दर्शन एवं सामाजिक समरसता के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर महामंत्री घनश्याम दास अग्रवाल, टिंकू सोनकर, उपाध्यक्ष रजनीश गुप्ता, अंजनी श्रीवास्तव, सुधीर हलवासिया सहित भाजपा लखनऊ महानगर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Breaking News:

Recent News: