लखनऊ, ठाणे महाराष्ट्र। विश्व हिन्दू रक्षा परिषद की ओर से ठाणे वेस्ट में ‘जागो हिन्दू जागो’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष एवं रेल मंत्रालय, भारत सरकार के सलाहकार गोपाल राय ने सनातन संस्कृति, हिंदू समाज की एकता, संगठन की मजबूती और राष्ट्रहित के प्रति जागरूकता का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठित, संस्कारित और जागरूक समाज ही अपनी संस्कृति एवं परंपराओं की रक्षा कर सकता है। गोपाल राय ने कहा कि ‘जागो हिन्दू जागो’ अभियान का उद्देश्य समाज में धर्म, संस्कृति, सेवा और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि परिषद के कार्यालय में समय-समय पर लव जिहाद और धर्मांतरण से जुड़े मामले सामने आते हैं, जिनके समाधान के लिए संगठन स्तर पर कार्य किया जाता है। उन्होंने कहा कि संगठन ने हिंदू समाज को वैश्विक स्तर पर संगठित करने के उद्देश्य से विभिन्न देशों में राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किए हैं। इनमें फ्रांस में विश्वनाथ शास्त्री, बेल्जियम में कोएनराड एल्स्ट, नीदरलैंड में महादेव सिंह, मलेशिया में अरविंद सिंह यादव, ब्राजील में संजीव शर्मा, यूक्रेन में लीडिया लक्ष्मी, श्रीलंका में पमल्क मन्जित करुणानायक और इंडोनेशिया में स्वामी धर्मेश सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान गोपाल राय ने इंद्रेश राय को संगठन का राष्ट्रीय महामंत्री एवं महाराष्ट्र का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किए जाने की घोषणा की।
युवाओं को शिक्षा और संस्कार से सशक्त बनाने पर जोर
अपने संबोधन में गोपाल राय ने लव जिहाद और धर्मांतरण को लेकर चिंता जताते हुए युवाओं से शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से सशक्त बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बेटियों और युवाओं को जागरूक एवं सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने हिंदू समाज से संगठित होकर सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ ही सनातन मूल्यों के संरक्षण और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाना है।
