Search News

ग्रीन अमोनिया प्रयोग में पीलीभीत ने रचा इतिहास, 300 एकड़ का लक्ष्य पूरा करने वाला यूपी का पहला जिला बना

पीलीभीत ने ग्रीन अमोनिया प्रयोग प्रदर्शन में 300 एकड़ का लक्ष्य समय से पहले पूरा कर यूपी में पहला स्थान हासिल किया। पर्यावरण अनुकूल खेती को बढ़ावा देने की बड़ी पहल।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: November 20, 2026

ग्रीन अमोनिया प्रयोग में पीलीभीत ने रचा इतिहास, 300 एकड़ का लक्ष्य पूरा करने वाला यूपी का पहला जिला बना

पीलीभीत। सतत और पर्यावरण अनुकूल कृषि को बढ़ावा देने की दिशा में जनपद पीलीभीत ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ग्रीन अमोनिया प्रयोग प्रदर्शन के तहत निर्धारित 300 एकड़ का लक्ष्य समय से पहले शत-प्रतिशत पूरा कर पीलीभीत उत्तर प्रदेश का पहला जनपद बन गया है। इस उपलब्धि से जिले के किसानों और कृषि विभाग में खुशी का माहौल है।

यूपी के सात जिलों में शुरू हुआ था पायलट प्रोजेक्ट

ग्रीन अमोनिया प्रयोग प्रदर्शन को उत्तर प्रदेश के सात जनपदों पीलीभीत, मेरठ, शामली, बागपत, बुलंदशहर, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया था।

कृषि विज्ञान केंद्र, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद और सेवा प्रदाता कंपनी एक्मे के संयुक्त समन्वय तथा प्रगतिशील किसानों की सक्रिय भागीदारी से पीलीभीत ने निर्धारित 300 एकड़ का लक्ष्य समय से पहले पूरा कर लिया।

खेती की लागत घटाने और मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने पर जोर

इस पहल का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करना, मिट्टी की उर्वरता में सुधार करना और खेती की लागत घटाकर किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में काम करना है।

कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. एस.एस. ढाका ने ग्रीन अमोनिया के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि खेती में पारंपरिक यूरिया और रासायनिक खादों के विकल्प के रूप में ग्रीन अमोनिया का प्रयोग महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। इसके इस्तेमाल से फसल उत्पादन में सुधार, मिट्टी की गुणवत्ता बेहतर बनाने और पर्यावरण संरक्षण में मदद मिल सकती है।

प्रगतिशील किसानों ने निभाई अहम भूमिका

पीलीभीत की इस उपलब्धि में जिले के प्रगतिशील किसानों का विशेष योगदान रहा। किसान अफताब सिंह संधू, मनजीत सिंह, गुरु मंगत सिंह, जितेंद्र सिंह और नरेंद्र सिंह सहित अन्य किसानों ने अपने खेतों में ग्रीन अमोनिया का प्रयोग किया।

इतना ही नहीं, इन किसानों ने अपने संपर्क में आने वाले अन्य किसानों के खेतों पर भी प्रदर्शन करवाकर इस अभियान को आगे बढ़ाया। किसानों की सक्रिय भागीदारी से 300 एकड़ का निर्धारित लक्ष्य समय से पहले पूरा हो सका।

कृषि विशेषज्ञों ने दी बधाई, दूसरे जिलों के लिए बनेगी मिसाल

कृषि तकनीकी अनुप्रयोग अनुसंधान संस्थान कानपुर के निदेशक डॉ. राघवेंद्र सिंह और सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ के निदेशक प्रसार डॉ. सत्येंद्र कुमार ने इस उपलब्धि पर कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों, एक्मे कंपनी के कर्मचारियों और विशेष रूप से जागरूक किसानों को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि पीलीभीत की यह सफलता पूरे उत्तर प्रदेश के लिए एक मिसाल बनेगी। इससे दूसरे जनपदों को भी पर्यावरण अनुकूल कृषि तकनीकों को अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।

पीलीभीत की यह उपलब्धि कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों को अपनाने और टिकाऊ खेती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Breaking News:

Recent News: