भारतेंदु हरिश्चंद्र, फैजुल्लागंज और लाला लाजपत राय वार्ड में भी शुरू होंगे विकास कार्य
लखनऊ। रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के निर्देशन में क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने सोमवार को छह विकास कार्यों का भूमि पूजन किया। इनमें जानकीपुरम द्वितीय वार्ड में सामुदायिक केंद्र का निर्माण, रामजानकी वाटिका और सहारा स्टेट स्थित सरोवर का सौंदर्यीकरण शामिल है। साथ ही लाला लाजपत राय वार्ड में ग्रीन बेल्ट, भारतेंदु हरिश्चंद्र वार्ड और फैजुल्लागंज प्रथम वार्ड के नौबस्ता स्थित रामलीला मैदान में एक-एक कक्ष के निर्माण का भूमि पूजन भी हुआ। ये सभी कार्य विधायक निधि, लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) और नगर विकास विभाग के माध्यम से पूरे कराए जाएंगे।
विधायक निधि से होंगे ये कार्य
जानकीपुरम के सिकंदरपुर में सामुदायिक केंद्र का निर्माण विधायक निधि से कराया जाएगा। इसी निधि से भारतेंदु हरिश्चंद्र वार्ड और फैजुल्लागंज प्रथम वार्ड के नौबस्ता स्थित रामलीला मैदान में मंच के पास एक-एक कक्ष बनाया जाएगा।
भूमि पूजन के दौरान डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि सामुदायिक केंद्र बनने से क्षेत्रवासियों को शादी-विवाह सहित विभिन्न सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों में बड़ी सुविधा मिलेगी। लोगों को अपने महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के लिए एक बेहतर स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
एलडीए कराएगा सौंदर्यीकरण
जानकीपुरम द्वितीय वार्ड में सहारा स्टेट स्थित मृत्युंजय मंदिर के निकट सरोवर के सौंदर्यीकरण का भूमि पूजन भी किया गया। वहीं अलीगंज के सेक्टर-आई की ग्रीन बेल्ट और जानकीपुरम द्वितीय वार्ड की रामजानकी वाटिका का सौंदर्यीकरण लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा किया जाएगा।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में पार्षद राघव राम तिवारी, मान सिंह यादव, राजकुमारी मौर्य और रश्मि सिंह के साथ रूपाली गुप्ता, सुरेश तिवारी, बृज किशोर पांडेय, संजय तिवारी, दिव्यांशी शुक्ला, कृपा शंकर मिश्रा, अशोक त्रिवेदी, आई.एस. मिश्रा, सतीश वर्मा, संजय पाठक, ए.पी. सिंह, शशिकांत वशिष्ठ, डी.सी. गुप्ता, ओ.पी. तिवारी, राजेश मिश्रा, कृष्ण गोपाल सारस्वत, स्मृति त्रिवेदी, पुनीत शुक्ला, पंकज अग्रवाल, विशंभर लोधी, राम प्रसाद वर्मा, विजय रावत और वी.के. पाठक सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
