Search News

नेहरू इंटर कॉलेज में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

पीलीभीत के नेहरू इंटर कॉलेज मझोला में महिला कल्याण विभाग की ओर से बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली और नुक्कड़ नाटक के जरिए बाल विवाह के खिलाफ संदेश दिया। कार्यक्रम में मिशन शक्ति, घरेलू हिंसा, चाइल्ड हेल्पलाइन, महिला हेल्पलाइन और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: November 23, 2026

पीलीभीत। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत महिला कल्याण विभाग की टीम द्वारा नेहरू इंटर कॉलेज मझोला में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली निकालकर की गई। इसके बाद 'बाल विवाह एक अपराध है' विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। छात्राओं ने नाटक के माध्यम से संदेश दिया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और ऐसा करने पर सजा का प्रावधान है।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने मिशन शक्ति, बाल विवाह और घरेलू हिंसा जैसे विषयों पर आकर्षक पोस्टर भी बनाए। महिला कल्याण विभाग की ओर से प्रतिभागी बच्चों को हाइजीन किट और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ मग देकर पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में संरक्षण अधिकारी मीनाक्षी पाठक, रमनदीप कौर, जिला मिशन कोऑर्डिनेटर सुवर्णा पांडे और चाइल्डलाइन कोऑर्डिनेटर निर्वान सिंह ने बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन नंबर 112 और साइबर सुरक्षा हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी।

इसके साथ ही छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और बाल सेवा योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।

पुलिस विभाग की ओर से न्यूरिया थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या शोभा वर्मा और समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा। महिला कल्याण विभाग की टीम ने विद्यालय के प्रधानाचार्य और स्टाफ को सम्मानित किया।

Breaking News:

Recent News: