• 400 से अधिक परिवारों को बांटी राहत सामग्री, प्रस्तावित बांध का निर्माण जल्द शुरू कराने का भरोसा
लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। केंद्रीय रक्षामंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने गुरुवार को बाढ़ प्रभावित फैजुल्लागंज क्षेत्र का दौरा कर पीड़ित परिवारों का हाल जाना। आईआईएम रोड स्थित अल्लूनगर डिगुरिया चौक पर 400 से अधिक जरूरतमंद परिवारों को राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बाढ़ प्रभावितों की मदद में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। साथ ही फैजुल्लागंज को बाढ़ की समस्या से स्थायी निजात दिलाने के लिए प्रस्तावित बांध का निर्माण जल्द शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा। रक्षामंत्री ने प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जिला प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। राहत पैकेट में दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं, दवाइयों और सब्जियों समेत जरूरी सामग्री दी गई। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। कोई भी जरूरतमंद परिवार राहत सामग्री से वंचित नहीं रहना चाहिए।

प्रभावित परिवारों का जाना हाल, राहत कार्यों में तेजी के निर्देश
राहत सामग्री वितरण के दौरान राजनाथ सिंह ने दाउदनगर के इम्तियाज, कच्ची ढाल की संगीता देवी और गंगापति, लोहरा मऊ के शहीद अहमद, मिश्रा तिराहे की नेहा तिवारी, दुर्गापुरी कॉलोनी की स्नेहा यादव, अटल चौराहे के राजेश पांडेय सहित शिवरानी, शांति देवी और कुसुम कश्यप से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने के बाद से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार जिलाधिकारियों, संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के संपर्क में हैं। विधायक डॉ. नीरज बोरा और उनकी टीम भी प्रभावित परिवारों की सहायता में जुटी है। जलभराव के कारण लोगों को आवागमन समेत कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसी का जायजा लेने के लिए वह स्वयं क्षेत्र में पहुंचे हैं। रक्षामंत्री ने विधायक डॉ. नीरज बोरा से कहा कि प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक राहत सामग्री पहुंचाई जाए। अक्षय पात्र समेत विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से भी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त राहत पैकेट की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार, प्रशासन, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संस्थाएं मिलकर प्रभावितों की मदद कर रहे हैं। जनसेवा में किसी तरह की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी।

बांध बनने से मिलेगी बाढ़ की समस्या से स्थायी राहत
फैजुल्लागंज में बार-बार होने वाले जलभराव की समस्या पर रक्षामंत्री ने कहा कि क्षेत्र को बाढ़ से स्थायी निजात दिलाना जरूरी है, ताकि भविष्य में लोगों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े। प्रस्तावित बांध के निर्माण को लेकर संबंधित अधिकारियों से बातचीत की गई है। जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द शिलान्यास कराकर निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा करना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने और क्षेत्र को इस संकट से उबारने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
चिकित्सा शिविर और जलनिकासी पर विशेष जोर
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि रक्षामंत्री के निर्देश पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार राहत कार्य चलाए गए हैं। जनप्रतिनिधियों और प्रशासन ने प्रभावित परिवारों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया है। रक्षामंत्री ने स्वयं स्थिति का जायजा लिया और मुख्यमंत्री से वार्ता कर समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में पहल की है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में चिकित्सा शिविर संचालित किए जा रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी चिकित्सकों की टीम के साथ स्थिति पर नजर रख रहे हैं। नगर निगम और जिला प्रशासन को गलियों व आसपास जमा कीचड़ की सफाई कराने तथा पंपिंग सेट के जरिए जलनिकासी का काम तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस दौरान महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक डॉ. नीरज बोरा, ओपी श्रीवास्तव और योगेश शुक्ला, विधान परिषद सदस्य रामचंद्र प्रधान, मुकेश शर्मा और पवन सिंह चौहान, सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी, विशेष कार्यकारी अधिकारी केपी सिंह, जनसंपर्क अधिकारी राघवेंद्र सिंह, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। यह जानकारी भाजपा लखनऊ महानगर के मीडिया प्रभारी अनुराग साहू ने दी।
