Search News

इंटीग्रल विश्वविद्यालय में नॉर्थ जोन महिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप शुरू, 20 अक्टूबर तक होंगे मुकाबले

इंट्रीगल यूनिवर्सिटी
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Dhirendra Mishra
  • Updated: October 15, 2026

• महिला खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, पहले दिन कई विश्वविद्यालयों ने दर्ज की जीत

लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। इंटीग्रल विश्वविद्यालय में गुरुवार को नॉर्थ जोन अंतर-विश्वविद्यालय महिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप 2026-27 का शुभारंभ हुआ। एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (एआइयू) के तत्वावधान में आयोजित छह दिवसीय प्रतियोगिता में उत्तर भारत के विभिन्न विश्वविद्यालयों की महिला टीमें हिस्सा ले रही हैं। 20 अक्टूबर तक चलने वाली चैंपियनशिप में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव लीना जौहरी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलना जरूरी है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की महिला सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं, विशेषकर मिशन शक्ति, का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। विश्वविद्यालय की अपर प्रो-चांसलर डॉ. निदा फातिमा ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा के साथ खेलकूद और पाठ्येतर गतिविधियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। विश्वविद्यालय छात्राओं को अपनी क्षमताएं निखारने और शैक्षणिक व खेल गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करता है।

अपर प्रो-चांसलर सैयद अदनान अख्तर ने कहा कि खेल अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। कुलपति प्रो. फुरकान कमर ने छात्राओं को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने और प्रतिस्पर्धात्मक खेलों में उनकी भागीदारी बढ़ाने के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर एआइयू की पर्यवेक्षक डॉ. रीना पूनिया ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव प्रो. मोहम्मद हारिस सिद्दीकी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

पहले दिन कई टीमों ने दर्ज की जीत

प्रतियोगिता के पहले दिन बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी; छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर; देव संस्कृति विश्वविद्यालय; इंटीग्रल विश्वविद्यालय, लखनऊ; आईआईएमटी विश्वविद्यालय, मेरठ; लखनऊ विश्वविद्यालय; एसजीएस ट्रे सेंटेनरी विश्वविद्यालय; चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय; एमडीसी स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, मेरठ; जम्मू विश्वविद्यालय और स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत हासिल की। चैंपियनशिप का उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराने के साथ खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना और युवाओं में अनुशासन, सहयोग व खेल भावना को प्रोत्साहित करना है।

Breaking News:

Recent News: