• पारा क्षेत्र में संगठन का विस्तार, कई पदाधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। यूपीआई लेनदेन पर प्रस्तावित 0.4 प्रतिशत मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) लागू न हो, इसके लिए अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल देशव्यापी अभियान चलाएगा। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने गुरुवार को पारा क्षेत्र में आयोजित व्यापारी सम्मेलन में यह घोषणा की। संदीप बंसल ने कहा कि केंद्र सरकार ने फिलहाल एमडीआर को स्थगित किया है, लेकिन संगठन की मांग है कि इसे भविष्य में भी लागू न किया जाए। इसके लिए व्यापार मंडल के पदाधिकारी केंद्रीय मंत्रियों से लेकर प्रधानमंत्री तक अपनी बात पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि एमडीआर के रूप में लगाया जाने वाला नया शुल्क भविष्य में एक तरह के अतिरिक्त कर का रूप ले सकता है, जिसका अप्रत्यक्ष बोझ अंततः आम जनता पर पड़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि संगठन इस व्यवस्था के विकल्प पर काम कर उसे सरकार के समक्ष प्रस्तुत करेगा, ताकि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के साथ व्यापारियों पर किसी अतिरिक्त शुल्क का बोझ न पड़े। व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए संगठन हर स्तर पर प्रयास करेगा।

पारा क्षेत्र में संगठन का विस्तार
व्यापारी सम्मेलन के दौरान पारा क्षेत्र में संगठन का विस्तार करते हुए विभिन्न पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। चुन्नू खेड़ा से आशीष मिश्रा, पारा रिंग रोड से अनिरुद्ध कन्नौजिया, शिवांग सोमवंशी, रोली निगम और आशुतोष तिवारी को जिम्मेदारी दी गई। वहीं, देवपुर से संदीप शुक्ला एवं विमल सिंह, हंसखेड़ा से पंकज शर्मा और कनौसी रोड से राहुल सोनी को संगठन में दायित्व सौंपा गया। इसके अलावा राहुल उपाध्याय को युवा प्रभारी तथा सुरेंद्र विक्रम सिंह को संरक्षक की जिम्मेदारी दी गई।
पदाधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के लखनऊ महानगर अध्यक्ष सुरेश छाबलानी, युवा प्रदेश महामंत्री आकाश गौतम, महामंत्री अनुज गौतम, युवा महामंत्री शुभम मौर्या, कोषाध्यक्ष मुकेश कुमार नाग, पारा उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेंद्र शुक्ला, महामंत्री मनीष अवस्थी, अमित राजपूत, धीरपाल यादव, योगेंद्र सिंह, विवेक सिंह और सोशल मीडिया प्रभारी संजय निधि अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।
