Search News

पंचायत चुनाव टालने से सरकार की जमीनी हकीकत सामने आने का डर :- सुनील सिंह

लोकदल
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Dhirendra Mishra
  • Updated: October 16, 2026

SIR, किसानों के आंदोलन और पंचायत चुनाव को लेकर लोकदल अध्यक्ष ने सरकार को घेरा, कहा- लोकतंत्र की लड़ाई सड़क से सुप्रीम कोर्ट तक लड़ेंगे

लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी चौधरी सुनील सिंह ने SIR, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, किसानों के आंदोलन और उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर सरकार पर निशाना साधा। शुक्रवार को मॉल एवेन्यू स्थित लोकदल के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि सरकार पंचायत चुनाव कराने से बच रही है, क्योंकि चुनाव होने पर उसकी जमीनी हकीकत सामने आ जाएगी। चौधरी सुनील सिंह ने आरोप लगाया कि SIR के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने पहुंचे लोगों को हिरासत में लिया गया और उनके साथ बर्बरता की गई। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को प्रतिबंधित करना जनता और विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस लड़ाई में किसान भी पीछे नहीं हटेंगे और ट्रैक्टरों के साथ दिल्ली पहुंचकर आंदोलन को निर्णायक मोड़ तक ले जाएंगे।

'लहरा दो तिरंगा' कार्यक्रम को लोकदल का समर्थन

लोकदल अध्यक्ष ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके की ओर से 16 अक्टूबर को शाम पांच बजे दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में आयोजित 'लहरा दो तिरंगा' कार्यक्रम को लोकदल का समर्थन है। उन्होंने कहा कि संविधान, देश की एकता और लोकतंत्र के समर्थन में शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाने वाले कार्यक्रमों के साथ पार्टी खड़ी रहेगी।

पंचायत चुनाव टालने का हर स्तर पर विरोध करेगा लोकदल

चौधरी सुनील सिंह ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के तीन महीने के भीतर पंचायत चुनाव कराने के आदेश का स्वागत किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार विधानसभा चुनाव से पहले पंचायत चुनाव कराने से बचना चाहती है। उन्होंने आशंका जताई कि चुनाव टालने के लिए सरकार या संबंधित अधिकारी सुप्रीम कोर्ट का रुख कर सकते हैं। लोकदल इसका विरोध करेगा और सुप्रीम कोर्ट में भी पंचायत चुनाव समय पर कराने की मांग मजबूती से रखेगा। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र की सबसे निचली और महत्वपूर्ण इकाई हैं। राजनीतिक स्वार्थ के लिए इन्हें रोकना ग्रामीण जनता के अधिकारों से खिलवाड़ होगा। यदि सरकार को अपनी लोकप्रियता और जमीनी पकड़ पर भरोसा है तो उसे चुनाव कराने से पीछे नहीं हटना चाहिए।

किसान, युवा और मजदूरों की आवाज उठाएगा लोकदल

सुनील सिंह ने कहा कि किसान, युवा, मजदूर और ग्रामीण जनता अब चुप नहीं बैठेगी। SIR से लेकर पंचायत चुनाव तक जनता के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर लोकदल, INDIA गठबंधन के साथ मिलकर संघर्ष करेगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए पार्टी सड़क से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक अपनी लड़ाई जारी रखेगी।

Breaking News:

Recent News: