Search News

डीपीएस जूनियर ब्रांच में दशहरा उत्सव, नन्हे-मुन्नों ने रामायण के प्रसंगों से दिया अच्छाई की जीत का संदेश

डीपीएस
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Dhirendra Mishra
  • Updated: October 16, 2026

लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। दिल्ली पब्लिक स्कूल जूनियर ब्रांच में शुक्रवार को दशहरे के पावन अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय परंपराओं और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवंत किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत नृत्य-नाटिका रही। इसमें रामायण के विभिन्न प्रसंगों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया। बच्चों ने सीता हरण, माता सीता की खोज और भगवान श्रीराम से उनके पुनर्मिलन तक की कथा को अभिनय और नृत्य के माध्यम से साकार किया। राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान के रूप में सजे विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक वेशभूषा और प्रभावशाली अभिनय से सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने दशहरा विशेष गीत और भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं, शिक्षकों की ओर से विशेष वीडियो के माध्यम से बच्चों को दशहरे के धार्मिक, सांस्कृतिक और नैतिक महत्व की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि दशहरा बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। विशेष प्रार्थना सभा का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान विकसित करने के साथ ही सत्य, साहस, सदाचार और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने और सदैव सत्य व धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी गई। समग्र रूप से दशहरा विशेष सभा ज्ञान, भक्ति और संस्कारों का सुंदर संगम रही। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने जहां सभी को मंत्रमुग्ध किया, वहीं बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश भी दिया।

Breaking News:

Recent News: