Search News

नुक्कड़ नाटक से फाइलेरिया की दवा खाने के लिए किया जागरूक

कानपुर
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Dhirendra Mishra
  • Updated: October 15, 2026

• 19 नवंबर से शुरू होगा एमडीए अभियान, दवा खाने से इनकार करने वालों पर विशेष फोकस

कानपुर, कैनविज टाइम्स संवाददाता। जनपद को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 19 नवंबर से शुरू होने वाले सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) अभियान में उन लोगों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिन्होंने अब तक फाइलेरिया रोधी दवा नहीं खाई है या दवा खाने से इनकार करते रहे हैं। ऐसे लोगों को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक के माध्यम से अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में बिधनू ब्लॉक के बाजपुर डेरा और जगदीशपुर गांव में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। राजकीय इंटर कॉलेज खेरसा के छात्र-छात्राओं ने नाटक के जरिए ग्रामीणों को फाइलेरिया के खतरों और इससे बचाव के लिए दवा सेवन की अहमियत बताई। दोनों गांवों में सैकड़ों लोगों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की और आगामी एमडीए अभियान में दवा खाने का संकल्प लिया।

दवा खाने से न करें परहेज

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश्वर ने ग्रामीणों से अपील की कि वे फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन जरूर करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी बिना किसी स्वार्थ के लोगों को जागरूक करने में जुटे हैं। उन्हें फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के बारे में जानकारी है, इसलिए वे चाहते हैं कि सभी लोग सुरक्षित रहें। जनपद को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति का दवा सेवन करना जरूरी है। जिला मलेरिया अधिकारी एके सिंह ने बताया कि फाइलेरिया मच्छरों के काटने से फैलने वाली बीमारी है। मच्छरों से बचाव के लिए घर और आसपास साफ-सफाई रखना जरूरी है। लोगों को जलभराव और गंदगी से बचना चाहिए, ताकि मच्छरों के पनपने की आशंका कम हो सके। इस दौरान रेडियो कनपुरिया एफएम-90 की आरजे वर्षा व ज्योति ने भी अपने अंदाज में लोगों को जागरूक किया। इससे पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम बिधनू ब्लॉक के उरियारा, रमईपुर, अफजलपुर और मगरासा गांव में भी नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को जागरूक कर चुकी है। नुक्कड़ नाटक में अनिकेत, अलीना, अनुराग, अनुष्का, वैष्णवी, परी, सुशीला, राखी, ललिता, सुमित और रागिनी सहित अन्य विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

Breaking News:

Recent News: