कैनविज टाइम्स,डिजिटल डेस्क।
नगर निगम के दस्ते ने तीसरे दिन भी महापौर प्रमिला पांडेय की अगुवाई में एक दर्जन स्थानों में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाकर चार सौ अवैध कब्जे हटाए और 46 हजार रुपये जुर्माना वसूला।
इस दौरान अभियान का विरोध करने वालों को पुलिस ने खदेड़ दिया। साथ ही सामान भी जब्त कर लिया। अभियान मे अभी तक नालों से 15 सौ अतिक्रमण को हटाया जा चुका है।

फुटपाथ से भी हटाया गया अतिक्रमण
महापौर प्रमिला पांडेय के साथ जोन चार के जोनल प्रभारी राजेश सिंह और जोनल अभियंता नानक चंद टीम लेकर अहिराना रोड स्थित पुरानी पंजाब नेशनल बैंक से सीसामऊ नाला तक तथा मैकराबर्टगंज ढाल से ग्वालटोली जाने वाली रास्ते तक नाले पर बने अतिक्रमण को हटाया। फुटपाथ से भी अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान 100 अतिक्रमण हटाने के साथ सड़क पर फैला सामान जब्त किया गया। इस मौके पर राजस्व निरीक्षक कमल सिंह व कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा भी मौजूद रहे।
