कैनविज टाइम्स संवाददाता, गोरखपुर। गोरखपुर के कुशीनगर जिले के मथौली बाजार में बेतिया राज की जमीन पर एक धर्मशाला के निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में बिहार राजस्व परिषद द्वारा तैनात राजस्व अधिकारी ने गुरुवार को सत्यापन के दौरान इस निर्माण पर आपत्ति जताई।
राजस्व अधिकारी बद्री प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में बिहार के अमीनों की एक टीम ने बेतिया राज की संपत्ति की स्थिति की जांच की। टीम ने पाया कि चेड़ा माता मंदिर के पास बेतिया राज की जमीन पर धर्मशाला का निर्माण हो रहा है। पूछताछ के दौरान ठेकेदार ने बताया कि यह निर्माण कार्य पर्यटन विभाग द्वारा कराया जा रहा है।
इसके बाद, राजस्व अधिकारी ने तत्काल पर्यटन विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया और बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) के निर्माण कार्य को रोकने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि इस मामले की सूचना बिहार राजस्व परिषद को दी जाए।
बिहार राजस्व परिषद की ओर से तैनात टीम ने मथौली बाजार में बेतिया राज की जमीन पर हो रहे निर्माण की स्थिति का सत्यापन किया और कहा कि यह काम बिना अनुमति के हो रहा है, जो कानूनन गलत है। अधिकारी ने बताया कि वह शुक्रवार को पूरी स्थिति के बारे में परिषद और कुशीनगर के जिलाधिकारी को पत्र लिखकर सूचित करेंगे।
टीम ने यह भी बताया कि वे महराजगंज में भी बेतिया राज की संपत्ति का सत्यापन करेंगे और जहां भी संदेह होगा, वहां भूखंड की पैमाइश करवाई जाएगी। इस मामले में अधिकारियों का कहना है कि यह निर्माण बेतिया राज की संपत्ति पर किया जा रहा है, जिस पर किसी भी प्रकार का निर्माण बिना उचित अनुमति के नहीं हो सकता।
