Search News

चित्रकूट में भारत विरोधी नारेबाजी के खिलाफ हिंदू संगठनों का प्रदर्शन, मस्जिद के सामने हनुमान चालीसा पाठ से तनाव, पुलिस तैनात

चित्रकूट के निबुहापुरवा गांव में मुस्लिम युवक द्वारा भारत विरोधी नारेबाजी के विरोध में हिंदू संगठनों ने मस्जिद के पास प्रदर्शन कर हनुमान चालीसा का पाठ किया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kritika pandey
  • Updated: May 5, 2025

कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के शिवरामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत निबुहापुरवा गांव में साम्प्रदायिक तनाव का माहौल उस समय बन गया जब इंस्टाग्राम पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कुछ नाबालिग "पाकिस्तान जिंदाबाद" और "हिंदुस्तान मुर्दाबाद" जैसे नारे लगाते दिखे। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। हिंदू संगठनों ने इसे राष्ट्रविरोधी गतिविधि बताते हुए तीखा विरोध दर्ज कराया।

रविवार को बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने गांव में मार्च निकाला और मस्जिद के सामने बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान जिला मंत्री नीरज केसरवानी और जिला सह-संयोजक शिवेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली भी निकाली। प्रदर्शन के कारण क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई, जिसे देखते हुए प्रशासन ने भारी संख्या में पुलिस बल और पीएसी की तैनाती कर दी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। क्षेत्राधिकारी नगर और शहर कोतवाल स्वयं मौके पर डटे रहे और प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में दिख रहे अन्य युवकों की पहचान की जा रही है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। गांव में अभी भी स्थिति संवेदनशील बनी हुई है, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते कोई अप्रिय घटना नहीं घटी है।

Breaking News:

Recent News: