लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। जानकीपुरम विस्तार स्थित अभिषेक पुरम में रविवार को लर्निंग विंग्लेस प्ले स्कूल का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा उनके व्यक्तित्व निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला होती है। खेल-खेल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कार और रचनात्मक वातावरण उपलब्ध कराने वाले विद्यालय समाज के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करना समय की आवश्यकता है। ऐसे शिक्षण संस्थान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करते हैं। उन्होंने विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि यह संस्थान बच्चों के सर्वांगीण विकास का सशक्त केंद्र बनेगा। विद्यालय की डायरेक्टर ऋतु अधिकारी ने बताया कि लर्निंग विंग्लेस प्ले स्कूल का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित, आनंदमय और आधुनिक शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना है। यहां बच्चों के बौद्धिक, भावनात्मक, सामाजिक और रचनात्मक विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. टी.आर. यादव ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है। प्रारंभिक अवस्था में बच्चों की जिज्ञासा, कल्पनाशक्ति और नैतिक मूल्यों का विकास अत्यंत आवश्यक है। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि सतीश वर्मा, डॉ. इंदु सुभाष, डॉ. संदीप सिंह, डॉ. अंकिता सिंह, दीप्ति रावत, अंकिता अवस्थी, शास्त्री प्रमोद यादव एवं अविनाश सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

