कैनवीज़ टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी और धूल का कहर जारी है। गुरुवार सुबह से ही आसमान में धूल की मोटी चादर छाई रही, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज यानी बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जो सामान्य से अधिक है। बुधवार को भी दिल्ली में गर्मी का असर देखने को मिला, जब अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक 23.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
सुबह से ही दिल्ली-एनसीआर के आसमान में धूल का घना परत दिखाई दी, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। हवा में नमी का स्तर 73 से 22 प्रतिशत के बीच रहा, जिससे मौसम शुष्क बना रहा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में तापमान में गिरावट की संभावना नहीं है। साफ आसमान और तेज धूप के कारण गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा।
विशेषज्ञों की सलाह
धूप में बाहर निकलते समय सनस्क्रीन का उपयोग करें और छाते का सहारा लें।
घर में अधिक समय तक रहें और पर्याप्त पानी पिएं।
धूल से बचने के लिए मास्क का उपयोग करें।
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ती गर्मी और धूल के इस कहर को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
