Search News

नवयुग कन्या महाविद्यालय में बीएससी छात्राओं के लिए आयोजित हुआ विदाई समारोह, सृष्टि मिश्रा को 'मिस फेयरवेल 2026' का खिताब

नवयुग
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Dhirendra Mishra
  • Updated: April 7, 2026

लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। नवयुग कन्या महाविद्यालय में बी.एससी. अंतिम वर्ष की छात्राओं के लिए एक अत्यंत भावुक और उत्साहपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का औपचारिक शुभारंभ प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय द्वारा किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में छात्राओं ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन कर समां बांध दिया। कार्यक्रम की शुरुआत द्वितीय वर्ष की छात्राओं के ऊर्जावान सामूहिक नृत्य से हुई। इसके उपरांत द्वितीय वर्ष की ही छात्राओं द्वारा प्रस्तुत 'महाभारत' पर आधारित एक अत्यंत गंभीर और ज्ञानवर्धक नाटिका ने सभी को झकझोर कर रख दिया। इस प्रस्तुति में नारी शक्ति और स्वाभिमान का चित्रण करते हुए "सुनो द्रौपदी, अब गोविंद न आएंगे" के कड़े संदेश के माध्यम से छात्राओं को यह सीख दी गई कि आज के युग में उन्हें अपनी रक्षा और अधिकारों के लिए स्वयं समर्थ बनना होगा। इसी गंभीरता को आगे बढ़ाते हुए अंतिम वर्ष की छात्रा जीनत बानो और प्राची तिवारी ने अपनी स्वयं रचित कविताओं का पाठ किया। उनकी कविताओं ने कॉलेज के दिनों की यादों और भविष्य के संघर्षों को इतने सुंदर शब्दों में पिरोया कि सबकी आँखें नम हो गईं। 

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अगले चरण में प्रथम वर्ष की छात्राओं ने 'ड्रीमी डिल्यूजन' थीम पर आधारित एक नृत्य नाटिका पेश की, जिसने भ्रम की काल्पनिक दुनिया से बाहर निकलकर सदैव वास्तविकता में जीने का गहरा संदेश दिया। इसी क्रम में छात्राओं ने "म्हारी छोरियां छोरों से कम हैं के" के जज़्बे को मंच पर जीवंत करते हुए अपनी असीमित क्षमताओं का परिचय दिया। इसके उपरांत प्रथम वर्ष की छात्राओं के संयुक्त नृत्य तथा छात्राओं की मनमोहक 'डुओ' प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। नृत्य प्रदर्शनों का समापन द्वितीय वर्ष की छात्राओं द्वारा 'हॉरर थीम' पर आधारित एक रोमांचक और अनूठे नृत्य के साथ हुआ, जिसने पूरे हॉल में एक अलग ही रोमांच पैदा कर दिया। समारोह का मुख्य आकर्षण 'मिस फेयरवेल' प्रतियोगिता रही, जो तीन कड़े राउंड्स में संपन्न हुई। प्रथम राउंड में छात्राओं ने रैंप वॉक के जरिए अपना आत्मविश्वास प्रदर्शित किया, द्वितीय राउंड में उनके टैलेंट को परखा गया और तृतीय राउंड में निर्णायकों के तीक्ष्ण सवालों का जवाब देकर छात्राओं ने अपनी बुद्धिमत्ता का परिचय दिया। सृष्टि मिश्रा को 'मिस फेयरवेल 2026' के प्रतिष्ठित खिताब से नवाजा गया। तो वहीं प्रज्ञा पटवा प्रथम रनर-अप और शताक्षी त्रिवेदी द्वितीय रनर-अप घोषित की गईं। विशिष्ट श्रेणियों में अमनदीप कौर को 'मिस बेस्ट ड्रेस्ड' को प्राची तिवारी को 'मिस बेस्ट स्माइल' का पुरस्कार मिला।

Breaking News:

Recent News: