लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। इंडियन न्यूक्लियर सोसाइटी मुंबई द्वारा लखनऊ में एल्डिको स्थित पायनियर मोंटेसरी स्कूल में वहाँ के विद्यार्थियों के लिए एक विशेष जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुवात करते हुए आई एन एस के वरिष्ठ सदस्य एवं परमाणु ऊर्जा विभाग भारत सरकार के अंतर्गत देश के प्रसिद्ध संस्थान, भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र मुंबई से सेवानिवृत हुए सह निदेशक एवं विशिष्ट वैज्ञानिक डॉ ऋषिकेश मिश्रा ने डॉ होमी जहांगीर भाभा की दूरगामी सोच और परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में थ्री-स्टेज प्रोग्राम द्वारा भारत को अग्रणी बनाने के लिए उनके द्वारा किए गए महत्वपूर्ण प्रयासों से अवगत कराया। साथ ही उन्होने प्राचीन भारत में वैज्ञानिक अनुसंधान एवं आधुनिक विज्ञान में किए जा रहे शोध एवं जन कल्याण से जुड़ी नवीनतम तकनीक के बारे में भी चर्चा की। बोर्ड ऑफ रेडीएशन एंड आइसोटोप टेक्नालजी (ब्रिट) से सेवानिवृत हो चुकीं वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ योजना सिंह ने रेडियोफार्मास्युटिकल्स एवं विभिन्न प्रकार के आइसोटोप्स, न्यूक्लियोटाइड्स, गामा चेंबर्स, रडिओग्राफी के द्वारा चिकित्सा, कृषि और अन्य इंडस्ट्रीज़ में इसकी उपयोगिता के बारे में बताया। इस अवसर पर लगभग 600 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने मुंबई से आए हुए परमाणु वैज्ञानिकों से परमाणु ऊर्जा की उपयोगिता एवं भविष्य में इसके योगदान पर जानकारी हासिल की।

कार्यक्रम की शुरुवात करते हुए स्कूल के प्रबन्धक ब्रजेन्द्र सिंह ने मुंबई से आए सभी वैज्ञानिक अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के समापन पर स्कूल की प्रिन्सिपल डॉ शर्मिला सिंह ने आई एन एस द्वारा सफलतापूर्वक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए बधाई प्रेषित किया।

