कैनविज टाइम्स, चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चंडीगढ़ पहुंच गए हैं। वह सेक्टर-12 स्थित पंजाब इंजीनियरिंग कालेज (PEK) में आयोजित समारोह में तीन नए आपराधिक कानूनों की समीक्षा करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी सोमवार को पंचकूला पहुंच चुके हैं और उनके दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे के कारण शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। गृह मंत्री का ठहराव पंचकूला में होने के कारण पेक आने वाले रास्ते पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चंडीगढ़ में सुरक्षा के मद्देनजर सभी चौराहों पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। पुलिस विभाग के आला अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की हर पल रिपोर्ट ले रहे हैं और सुनिश्चित कर रहे हैं कि कोई भी अप्रिय घटना न हो।
राजेंद्र पार्क से पेक तक का रास्ता पूरी तरह से बंद किया गया है। इस दौरान केवल वीवीआईपी मूवमेंट की ही अनुमति दी जाएगी। इसके अलावा शहर के सभी एंट्री प्वाइंट पर नाकेबंदी की गई है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी भी प्रकार का अवांछित प्रवेश न हो। सुरक्षा की यह व्यवस्था प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के दौरे को लेकर बढ़ाई गई है, ताकि कोई भी सुरक्षा से संबंधित चूक न हो।
