कैनवीज़ टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
सुरक्षा कारणों और ड्रोन घुसपैठ के चलते इंडिगो और एयर इंडिया ने जम्मू, श्रीनगर, लेह, चंडीगढ़ और राजकोट समेत कई शहरों के लिए अपनी उड़ानें रद्द करने का बड़ा फैसला लिया है। इंडिगो ने अपनी सभी उड़ानों को 13 मई तक रद्द कर दिया है, जबकि एयर इंडिया ने भी यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जम्मू, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट की उड़ानों को रद्द कर दिया है। इंडिगो ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद 12 मई तक उड़ानें बंद थीं, लेकिन ड्रोन घुसपैठ को देखते हुए इसे 13 मई तक बढ़ा दिया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति के लिए एयरलाइन की वेबसाइट पर नियमित अपडेट देखें।
इसके अलावा, भारत और पाकिस्तान में संघर्ष के बाद अस्थायी रूप से बंद किए गए 32 हवाई अड्डों को नागरिक विमान परिचालन के लिए पुनः खोल दिया गया है। पहले इन हवाई अड्डों को 15 मई तक बंद रखने का फैसला था, लेकिन अब नागरिक उड़ानों के लिए तुरंत प्रभाव से खोल दिया गया है।
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी ऑपरेशन सिंदूर के कारण 15 मई तक बंद की गई उड़ानें पुनः बहाल कर दी गई हैं। हालांकि, कई यात्रियों के नहीं पहुंचने के कारण अमृतसर, श्रीनगर, लेह समेत 10 शहरों की उड़ानें सोमवार को भी रद्द रहीं।यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा से पहले एयरलाइंस से संपर्क करें और अपनी उड़ान की स्थिति की पुष्टि करें।
