Search News

बिजली गिरने से ओडिशा में 14 लोगों की मौत, छह की हालत गंभीर

ओडिशा में बिजली गिरने से एक ही दिन में 14 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे कोरापुट, नवरंगपुर, ढेंकानाल, गंजाम, कटक, जाजपुर और बालेश्वर जिलों में हुए।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kritika pandey
  • Updated: May 17, 2025

कैनवीज़ टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।

राज्य में शुक्रवार को बिजली गिरने की घटनाओं ने भयावह रूप ले लिया, जिसमें 14 लोगों की जान चली गई और छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। ये घटनाएं कोरापुट, नवरंगपुर, ढेंकानाल, गंजाम, कटक, जाजपुर और बालेश्वर जिलों में हुईं, जहां लोग अचानक बदले मौसम का शिकार हो गए। कोरापुट जिले के लक्ष्मीपुर ब्लॉक के ओडियापेंठ पंचायत के परदीगुडा गांव में सबसे बड़ी त्रासदी हुई, जहां तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बुद्री माडिंगा (60), कासा माडिंगा (16) और अंबिका काशी (35) शामिल हैं। बुद्री के पति हिंगु माडिंगा सहित पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें लखीमपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार शाम को कोरापुट जिले के लक्ष्मीपुर प्रखंड में कालबैसाखी तूफान के कारण अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। आसमान में बिजली की गड़गड़ाहट के बीच लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे, लेकिन कुछ लोग इसकी चपेट में आ गए। ढेंकानाल, गंजाम, कटक, जाजपुर और बालेश्वर जिलों में भी बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को संबंधित जिलों के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। इस त्रासदी के बाद पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में और बारिश तथा बिजली गिरने की संभावना जताई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Breaking News:

Recent News: