कैनवीज़ टाइम्स , डिजिटल डेस्क ।
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच बिहार सरकार ने राज्य में सिविल डिफेंस वालेंटियरों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया है। वर्तमान में राज्य में सिविल डिफेंस वालेंटियरों की संख्या लगभग 2,000 है, जिसे बढ़ाकर अधिक किया जाएगा। आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने शुक्रवार को इस संबंध में सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। सरकार ने इन वालेंटियरों के मानदेय में भी वृद्धि का निर्णय लिया है। पहले जहां एक दिन के काम के लिए वालेंटियरों को 400 रुपये मिलते थे, अब यह राशि बढ़ाकर 700 रुपये कर दी गई है। इसके अतिरिक्त, इन वालेंटियरों को एक विशेष पोशाक भी प्रदान की जाएगी।
राज्य में 18 वर्ष से अधिक आयु के युवा स्वयं को सिविल डिफेंस वालेंटियर के रूप में पंजीकृत कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपने जिले के जिलाधिकारी (डीएम) कार्यालय में संपर्क करना होगा। यह वालेंटियर जिला प्रशासन के साथ मिलकर आपदा प्रबंधन, मॉक ड्रिल और अन्य आपातकालीन स्थितियों में सहायता प्रदान करेंगे।
आपदा प्रबंधन विभाग ने एनसीसी, नेहरू युवा केंद्र, एनएसएस और स्काउट एंड गाइड्स के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की है, ताकि इन संगठनों के वालेंटियरों को भी जागरूकता अभियानों में शामिल किया जा सके। वर्तमान में विभाग के पास 9,000 'आपदा मित्र' हैं, जिन्हें भी इस अभियान में सक्रिय रूप से शामिल किया जाएगा। अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने स्पष्ट किया कि युद्ध की पृष्ठभूमि को देखते हुए सभी पुलिस नियंत्रण कक्ष में कंट्रोल रूम संचालित किए जाएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
