कैनविज टाइम्स,डिजिटल डेस्क। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ मेले के दौरान शाही स्नान के मौके पर पुष्पवर्षा के लिए हेलीकॉप्टर की उपलब्धता को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शाही स्नान के लिए पुष्पवर्षा की योजना बनाई गई थी, लेकिन हेलीकॉप्टर न मिलने के कारण योजना विफल हो गई। इसके बाद इस मामले में हैरिटेज एविएशन के CEO सहित तीन लोगों पर FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश सरकार के सिविल एविएशन के विभाग के परिचालन प्रबंधक कैप्टन पी. रमेश की लिखित शिकायत पर फर्म के सीईओ रोहित माथुर, प्रबंधक परिचालन परम और कैप्टन पुनीत खन्ना को नामजद किया गया है।
मेसर्स हैरिटेज एविएशन प्राइवेट लिमिटेड से किया गया अनुबंध
रिपोर्ट के अनुसार, 13 जनवरी से 26 फरवरी 2025 तक महाकुंभ मेले का आयोजन हो रहा है। इस दौरान प्रत्येक अमृत (शाही) स्नान में पुष्प वर्षा कराए जाने के लिए मेसर्स हैरिटेज एविएशन प्राइवेट लिमिटेड से उनके हेलीकॉप्टर को 13 और 14 जनवरी के लिए शर्तों व प्रतिबंधों के साथ सेवा प्राप्त करने के लिए अनुबंध किया गया था। तब फर्म द्वारा प्रयागराज में अपना एक हेलीकॉप्टर एयरबस H130T2 पोजीशन कराया गया।
लेकिन निदेशालय को बिना किसी सूचना/अनुमति के अपने किसी अन्य कार्य के लिए हेलीकॉप्टर को अयोध्या भेज दिया गया है। जो अनुबंध की शर्तों एवं प्रतिबंधों का उल्लंघन है। फर्म के इस कृत्य से शासकीय कार्यों में व्यवधान उत्पन्न्न हुआ, जो किसी भी प्रकार से अक्षम्य है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लिखित शिकायत के आधार पर मुकदमा पंजीकृत विवेचना की जा रही है।
