Search News

रोहतक में सीवरेज मैनहोल में गिरे पिता और दो बेटों की दर्दनाक मौत, मिथेन गैस बनी काल

हरियाणा के रोहतक जिले के गढ़ी माजरा गांव में सीवरेज मैनहोल में मिथेन गैस की चपेट में आकर एक रिटायर्ड फौजी और उसके दो बेटों की दर्दनाक मौत हो गई। गांव में मातम पसरा है।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kritika pandey
  • Updated: May 15, 2025

कैनवीज़ टाइम्स, डिजिटल डेस्क । 

हरियाणा के रोहतक जिले के गढ़ी माजरा गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। यह हादसा तब हुआ जब घर की नाली जाम होने के कारण परिवार का छोटा बेटा लक्ष्मण (25) सीवरेज मैनहोल का ढक्कन खोलने गया था। ढक्कन खोलते ही वह मिथेन गैस की चपेट में आ गया और मैनहोल में गिर गया। बेटे को बचाने के लिए उसके पिता महाबीर सिंह (65), जो कि सेना से रिटायर्ड थे, तुरंत मैनहोल में उतरे। लेकिन गैस का प्रभाव इतना घातक था कि महाबीर भी बेहोश होकर गिर गए। यह देखकर बड़ा बेटा दीपक (27) भी अपने पिता और छोटे भाई को बचाने मैनहोल में उतरा, लेकिन वह भी मिथेन गैस की चपेट में आ गया और उसकी भी मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम छा गया है। पड़ोसियों और परिजनों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकाला।


मृतक महाबीर सिंह की पत्नी संतोष देवी ने बताया कि घर की नाली जाम हो गई थी, इसलिए लक्ष्मण मैनहोल का ढक्कन खोलने गया था। लेकिन ढक्कन खोलते ही वह उसमें गिर गया। उसे गिरते देख महाबीर उसे बचाने उतरे, लेकिन वह भी नहीं बच सके। दोनों को बचाने के प्रयास में दीपक भी मैनहोल में उतर गया और जान गंवा बैठा। विशेषज्ञों के अनुसार, सीवरेज मैनहोल में मिथेन गैस का निर्माण आम बात है, लेकिन यह गैस अत्यधिक जहरीली होती है। इसकी थोड़ी सी मात्रा भी इंसान को बेहोश कर सकती है और लंबे समय तक संपर्क में रहने पर मौत का कारण बन सकती है।


पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सीवरेज या किसी भी प्रकार की नाली की सफाई के दौरान हमेशा सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें। बिना किसी सुरक्षा के ऐसे स्थानों पर जाने से जान का खतरा हो सकता है।  इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव गढ़ी माजरा में मातम का माहौल है। परिवार के तीन सदस्यों को खोने के बाद संतोष देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पड़ोसी और रिश्तेदार परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

Breaking News:

Recent News: