लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता।
राष्ट्रधारक दल के द्वारा गुरुवार को आलमबाग स्थित ईको गार्डन में अपनी 13 सूत्रीय मांगों को लेकर विशाल धरना प्रदर्शन किया गया। राष्ट्रधारक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष करण सिंह ने बताया कि राष्ट्रधारक दल के तत्वाधान में भारतीय सभ्यता संस्कृति की रक्षा व सुरक्षा हेतु 13 सूत्रीय मांग पत्र धरना के माध्यम से भारत सरकार तक पहुंचाया जा रहा है। उनकी मांग है कि भारत में एक सख्त जनसंख्या नियंत्रण कानून एक परिवार दो संतान का फार्मूला लागू हो। न्यायालय में वाद की समय सीमा तय हो, जिससे 06 माह के अंदर पीड़ित को न्याय मिल सके। ग्राम सभाओं में ग्राम न्यायालय का गठन हो, धर्मांतरण विरोधी एक सख्त कानून लाया जाय, सनातनी मंदिर मठों का सरकार द्वारा आर्थिक शोषण बंद हो तथा सनातन बोर्ड का गठन हो, भारत देश में करोड़ों की तादात में बसे घुसपैठियों की नागरिकता समाप्त करते हुए डिटेंशन सेंटर भेजा जाए।, देश की कुल आबादी का एक प्रतिशत या उससे कम आबादी वाले धार्मिक एवं मज़हबी समूह को ही अल्पसंख्यक होने की मान्यता तथा सुविधा मिले। किसी भी देश में जन्मे व्यक्ति को आसानी से भारत की नागरिकता मिला सके ऐसे प्रावधान हो, शिक्षा का भारतीयकरण करते हुए एक समान शिक्षा बोर्ड पूरे देश में लागू हो व गौ हत्या पूरे भारत में निषेध हो समेत 13 सूत्रीय मांगे रखी। वहीं राष्ट्रधारक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष करण सिंह ने बताया कि उनके द्वारा यह 11वाँ धरना प्रदर्शन है इससे पहले भी वह पूरे प्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रदर्शन कर चुके है। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होती तक तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। गुरुवार को हुए धरना प्रदर्शन में विभिन्न जिलों से दल के पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं इस मौके पर उन्होंने भारत सरकार को संबोधित अपना 13 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन ईको गार्डन चौकी प्रभारी डीके सिंह को सौंपा। इस मौके पर दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष करण सिंह, प्रदेश सचिव आनंद सक्सेना, प्रदेश महासचिव शोभित सेठ, जिला अध्यक्ष कानपुर जंग बहादुर सिंह, हेमंत श्रीवास्तव व जिला संरक्षक नानपारा राजकमल मिश्रा के साथ बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
