कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
विनय की जयंती के अवसर पर उसके परिवार ने एक शांतिपूर्ण और प्रेरणादायक पहल करते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों के साथ सामाजिक संगठनों और युवाओं की भी बड़ी भागीदारी देखी गई। विनय की याद में रखे गए इस शिविर का मकसद न केवल जरूरतमंदों की मदद करना था, बल्कि समाज को एक सकारात्मक संदेश देना भी था।
विनय के पिता ने भावुक होकर कहा हम अपने बेटे के लिए न्याय चाहते हैं, लेकिन हम यह भी चाहते हैं कि इस घटना की आड़ में किसी भी धर्म या समुदाय को बदनाम न किया जाए। दोषी चाहे जो हो, कानून अपना काम करे, लेकिन मुस्लिमों और कश्मीरियों को सामूहिक रूप से निशाना बनाना गलत है।
इस दौरान कई वक्ताओं ने भी मंच से यही अपील की कि नफरत नहीं, इंसानियत और एकता ही विनय की सच्ची श्रद्धांजलि होगी। शिविर में 100 से अधिक यूनिट रक्तदान हुआ और कार्यक्रम को सफल बनाने में शहर के डॉक्टरों और स्वयंसेवकों ने अहम भूमिका निभाई।
विनय की जयंती को शांति, सेवा और सद्भाव के प्रतीक के रूप में मनाकर उसके परिवार ने पूरे समाज को एक सशक्त संदेश दिया कि दुख में भी हम इंसानियत और भाईचारे का रास्ता नहीं छोड़ सकते।
