कैनवीज़ टाइम्स , डिजिटल डेस्क ।
भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव शनिवार को और बढ़ गया जब राजौरी, पुंछ और जम्मू जिलों में पाकिस्तान ने भीषण गोलाबारी की। इस हमले में राजौरी के अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त (ADDC) राज कुमार थापा सहित पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि राजौरी शहर में ADDC राज कुमार थापा अपने सरकारी आवास पर मौजूद थे, जब पाकिस्तानी सेना की ओर से दागा गया एक तोप का गोला उनके आवास पर गिरा। थापा और उनके दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सरकारी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान थापा ने दम तोड़ दिया।
श्रीनगर और उसके आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार रात से ही पाकिस्तान के साथ मुठभेड़ जारी है। पाकिस्तान ने जम्मू एयर बेस, पठानकोट एयर बेस और श्रीनगर में मिसाइल दागी, जिससे शहर में धमाकों की आवाज़ें गूंज उठीं। सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि जैसे ही धमाके सुने गए, शहर में सायरन बजने लगे और एहतियातन कई इलाकों में बिजली काट दी गई। भारतीय सेना ने पाकिस्तान की इस हरकत का करारा जवाब दिया है। सेना ने पाकिस्तान के कई ड्रोन हमलों को विफल कर दिया और जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान की कई चौकियां तबाह कर दी हैं। भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
पाकिस्तान न केवल सैन्य ठिकानों, बल्कि नौशहरा, पुंछ और कुपवाड़ा में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास स्थित नागरिक इलाकों और धार्मिक स्थलों को भी निशाना बना रहा है। मोर्टार और भारी हथियारों का प्रयोग करते हुए पाकिस्तान निर्दोष नागरिकों को निशाना बना रहा है। भारतीय सेना के 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता से पाकिस्तान बौखला गया है और अब वह नागरिकों पर हमले कर अपनी हताशा दिखा रहा है। भारतीय सेना ने अपनी सीमा सुरक्षा को मजबूत कर दिया है और हर स्थिति का मुंहतोड़ जवाब दे रही है। अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। सेना और सुरक्षा बल लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और किसी भी दुस्साहस का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार हैं।
