कैनविज टाइम्स,डिजिटल डेस्क।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ 2025 के अवसर पर आकाशवाणी द्वारा नए रेडियो चैनल 'कुंभवाणी' का उद्घाटन किया है। इस चैनल के माध्यम से अब श्रद्धालु महाकुंभ के लाइव प्रसारण का आनंद FM पर भी ले सकेंगे। 'कुंभवाणी' चैनल का उद्देश्य महाकुंभ के दौरान होने वाली धार्मिक गतिविधियों, अनुष्ठानों और महत्वपूर्ण घटनाओं की जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराना है।
इस चैनल के जरिए अखाड़ा परिषद के आयोजन, संतों के प्रवचन, धार्मिक संगीत और विशेष कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण होगा। साथ ही, इसके जरिए श्रद्धालु कुम्भ मेला स्थल से जुड़ी ताजा जानकारी, मौसम का हाल और अन्य उपयोगी सूचना भी प्राप्त कर सकेंगे।
योगी आदित्यनाथ ने इस पहल को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को एक नया आयाम देगा और अधिक से अधिक लोगों तक महाकुंभ के संदेश को पहुंचाने में मदद करेगा।
