डिजिटल डेस्क, लखनऊ। महाराष्ट्र में सरकार बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। पांच दिसंबर को मुंबई के आजाद मैदान में नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। हालांकि, मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इस पर अभी तक कोई फैसला नहीं लिया गया है, लेकिन यह साफ है कि सीएम भाजपा का ही होगा। बुधवार को महाराष्ट्र में भाजपा विधायक दल की बैठक होनी है, जिसमें केंद्रीय पर्यवेक्षकों के सामने सभी विधायक अपना नेता चुनेंगे। वही नेता महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री बनेगा। आजाद मैदान में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं।
इस बीच, एक नई जानकारी सामने आई है कि शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने भाजपा से छह महीने के लिए मुख्यमंत्री बनाने की मांग की थी, जिसे भाजपा ने ठुकरा दिया। एकनाथ शिंदे ने 28 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा नेतृत्व से मुलाकात की थी। इस बैठक में भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस, एनसीपी प्रमुख अजित पवार, एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल और प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे भी मौजूद थे।
भाजपा ने इस प्रस्ताव को खारिज करते हुए कहा कि इससे गलत मिसाल बनेगी और यह प्रशासन पर नकारात्मक प्रभाव डालेगा। भाजपा नेतृत्व का कहना था कि छह महीने के लिए मुख्यमंत्री बनाने की कोई व्यवस्था नहीं है और ऐसा निर्णय प्रशासन के लिए ठीक नहीं होगा। भाजपा ने स्पष्ट किया कि उनका यह कदम राज्य के राजनीतिक परिपेक्ष्य को नुकसान पहुंचा सकता है।
