Search News

ऑपरेशन सिंदूर के बाद यूपी में रेड अलर्ट घोषित, डीजीपी ने कहा नागरिकों की सुरक्षा पहला काम

उत्तर प्रदेश में ऑपरेशन सिंदूर के बाद रेड अलर्ट घोषित किया गया है। डीजीपी प्रशांत कुमार ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा प्राथमिकता है। भारतीय सेना की एयरस्ट्राइक में कई आतंकी ठिकाने ध्वस्त हुए हैं।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kritika pandey
  • Updated: May 7, 2025

कैनवीज़ टाइम्स , डिजिटल डेस्क । 

ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान और गुलाम जम्मू-कश्मीर (PoK) में आतंकवादी ठिकानों पर सफलतापूर्वक एयरस्ट्राइक की है। इस सैन्य अभियान में भारतीय सेना ने आठ आतंकियों को मार गिराया है और कई आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया है। सेना की इस कार्रवाई की देश और दुनिया में प्रशंसा हो रही है। भारतीय सेना की इस साहसिक कार्रवाई के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने पूरे प्रदेश में रेड अलर्ट घोषित कर दिया है। राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रशांत कुमार ने बुधवार को इस संबंध में बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा, "नागरिकों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है, और हम किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।”

डीजीपी ने पुलिस बल को सतर्क रहने और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हर जिले में विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं और हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। इससे पहले भारतीय सेना ने पहलगाम आतंकी हमले के 15 दिन बाद पाकिस्तान के आतंकी संगठनों पर जवाबी कार्रवाई की। सेना ने नौ प्रमुख आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए, जिनमें जैश-ए-मोहम्मद का मुख्यालय बहावलपुर और लश्कर-ए-तैयबा का गढ़ मुरीदके शामिल हैं। इन हमलों के बाद देशभर में उत्साह और गर्व का माहौल है, और लोग भारतीय सेना के साहस और पराक्रम की सराहना कर रहे हैं।

उत्तर प्रदेश सरकार ने नागरिकों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से सतर्क हैं, और पुलिस बल को अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

Breaking News:

Recent News: