कैनवीज़ टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
तुर्किये और अजरबैजान के लिए बड़ा झटका सामने आया है। पंजाब की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) के बाद अब चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी ने भी दोनों देशों के विश्वविद्यालयों के साथ अपने सभी समझौते (एमओयू) रद्द कर दिए हैं। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी ने तुर्किये और अजरबैजान के 23 विश्वविद्यालयों के साथ किए गए सभी शैक्षणिक समझौतों को समाप्त कर दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपने इस फैसले के पीछे हाल की भू-राजनीतिक घटनाओं का हवाला दिया है।
एलपीयू ने पहले ही राष्ट्रीय सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तुर्किये और अजरबैजान के साथ अपने सभी समझौते तोड़ दिए थे। एलपीयू ने तुर्किये और अजरबैजान के छह शिक्षण संस्थानों के साथ अपनी शैक्षणिक साझेदारियां समाप्त कर दी थीं। विश्वविद्यालयों का यह कदम भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। विश्वविद्यालयों का कहना है कि वे छात्रों और शैक्षणिक समुदाय के हितों की रक्षा के लिए यह निर्णय ले रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, इन विश्वविद्यालयों का मानना है कि हालिया अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए यह निर्णय आवश्यक हो गया था।
