कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
नीट (NEET) पेपर लीक कांड के मास्टरमाइंड संजीव मुखिया को अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने चार दिनों की रिमांड पर ले लिया है। इससे पहले बिहार पुलिस की इकाई आर्थिक अपराध इकाई (EOU) इस मामले की जांच कर रही थी, लेकिन अब सीबीआई द्वारा मामले को अपने हाथ में लेने के बाद पूछताछ का दायरा और गहराया गया है।
सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किए गए संजीव मुखिया की सात दिनों की रिमांड की मांग की गई थी, लेकिन अदालत ने चार दिन की रिमांड को मंजूरी दी। इस दौरान सीबीआई की टीम संजीव मुखिया से पेपर लीक से जुड़े नेटवर्क, सहयोगियों, धन के लेन-देन और पेपर लीक की पूरी प्रक्रिया से जुड़ी गहन जानकारी प्राप्त करने की कोशिश करेगी।
सूत्रों की मानें तो सीबीआई की टीम के पास पहले से ही कुछ अहम सुराग मौजूद हैं, जिनके आधार पर वह संजीव मुखिया से कड़ी पूछताछ कर सकती है। माना जा रहा है कि रिमांड के इन चार दिनों में इस हाई-प्रोफाइल पेपर लीक केस में कई बड़े नाम और नई परतें सामने आ सकती हैं।
