कैनवीज़ टाइम्स , डिजिटल डेस्क ।
मंगलवार को नोएडा के गोल्फ कोर्स मेट्रो स्टेशन पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवती ने चलती मेट्रो के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 25 वर्षीय सिम्मी पुत्री राजीव रंजन के रूप में हुई है, जो सलारपुर, थाना सेक्टर 39 क्षेत्र की रहने वाली थी और नोएडा में ही एक निजी कंपनी में काम करती थी। घटना सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है, जब सिम्मी एक युवक के साथ स्टेशन पहुंची थी। प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर जैसे ही ट्रेन आई, उसने अचानक ट्रैक पर छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत स्टेशन कंट्रोल रूम को सूचना दी। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने जानकारी दी कि इस घटना के चलते ब्लू लाइन (लाइन-3) पर कुछ देर के लिए मेट्रो सेवाएं बाधित हुईं, हालांकि अन्य सभी लाइनों पर सेवा सामान्य रही।
थाना सेक्टर 39 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवती के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि साथ आया युवक कौन था और इस घटना में उसकी कोई भूमिका है या नहीं। घटना ने एक बार फिर मेट्रो सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने लाई जा सके।
