कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क।
पंजाब और हरियाणा के बीच भाखड़ा डैम से 8500 क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़े जाने के आदेश ने विवाद को और बढ़ा दिया है। भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (BBMB) के इस फैसले से पंजाब ने कड़ा विरोध जताया है। पंजाब का कहना है कि हरियाणा पहले ही अपने हिस्से का पानी ले चुका है, और अब उसे पंजाब के हिस्से से पानी नहीं दिया जा सकता।
विवाद के बीच भाखड़ा डैम के डायरेक्टर इंजीनियर आकाशदीप सिंह को हटा दिया गया है और उनकी जगह हरियाणा के संजीव कुमार को नियुक्त किया गया है। इसके बाद से ही नंगल डैम पर तनाव का माहौल है। प्रशासन ने नंगल डैम को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया है और वरिष्ठ अधिकारी वहां पहुंच चुके हैं।
सुबह से ही बीबीएमबी के अधिकारी और कर्मचारी डैम पर पहुंचने लगे हैं। वहीं एसएसपी रूपनगर शुभम अग्रवाल ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अतिरिक्त फोर्स की तैनाती सुनिश्चित की गई।
इस आदेश से दोनों राज्यों के बीच जल बंटवारे को लेकर विवाद और अधिक गहराने की आशंका है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला, तो यह मुद्दा राजनीतिक तनाव का कारण बन सकता है।
