Search News

भारत-PAK तनाव के बीच गौतमबुद्ध नगर में किरायेदारों पर बढ़ी सख्ती, पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान जारी

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच गौतमबुद्ध नगर में पुलिस ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद सुरक्षा बढ़ा दी है। बॉर्डर, मेट्रो स्टेशन, गेल कार्यालय समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान जारी है। किरायेदारों और संदिग्ध लोगों का सत्यापन तेज कर दिया गया है।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kritika pandey
  • Updated: May 10, 2025

कैनवीज़ टाइम्स , डिजिटल डेस्क ।

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच गौतमबुद्ध नगर जिले में पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है। सेना के ऑपरेशन सिंदूर के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है, जिसमें किरायेदारों और संदिग्ध लोगों का सत्यापन प्राथमिकता से किया जा रहा है। शुक्रवार को जिले के सभी बॉर्डर, मेट्रो स्टेशन, गेल कार्यालय, टकसाल, मॉल और मल्टीप्लेक्स जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस तैनात रही। हर आने-जाने वाले व्यक्ति की जांच की जा रही है। चेक पोस्ट पर पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से तैनात किया गया है, जो सभी वाहनों और व्यक्तियों की सघन जांच कर रहे हैं।

नोएडा पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर भी निगरानी बढ़ा दी है। शुक्रवार को जुमे की नमाज को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती गई। जगह-जगह बालू से भरी बोरियों के साथ चेक पोस्ट बनाए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने खुद पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। लोगों से भी अपील की गई कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना पुष्टि के किसी भी संदेश को आगे न बढ़ाएं। पुलिस ने नागरिकों से सहयोग करने और आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक कि सुरक्षा की स्थिति पूरी तरह से सामान्य नहीं हो जाती। पुलिस की ओर से किरायेदारों और संदिग्ध लोगों के दस्तावेजों का सत्यापन भी तेज कर दिया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Breaking News:

Recent News: