कैनवीज़ टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
भारतीय वायुसेना के संचालन महानिदेशक एयर मार्शल ए के भारती ने सोमवार को स्पष्ट किया कि भारत ने पाकिस्तान के किराना हिल्स में स्थित किसी भी कथित परमाणु ठिकाने पर कोई हमला नहीं किया है। यह बयान सोशल मीडिया पर फैल रही उन अफवाहों के बीच आया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के सरगोधा स्थित मुशाफ एयरबेस और वहां स्थित न्यूक्लियर स्टोरेज पर हमला किया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एयर मार्शल भारती ने कहा, “शुक्रिया आपने बताया कि किराना हिल्स में कोई न्यूक्लियर इंस्टॉलेशन है, हमें इसकी जानकारी नहीं थी। हमने किराना हिल्स को निशाना नहीं बनाया, वहां जो कुछ भी है, हमने वहां हमला नहीं किया है।”
हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा था कि भारतीय वायुसेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान के सरगोधा स्थित मुशाफ एयरबेस और उसके पास बने किराना हिल्स में स्थित अंडरग्राउंड न्यूक्लियर स्टोरेज पर हमला किया है। इन अफवाहों में यह भी कहा गया कि भारतीय वायुसेना ने हमले के लिए ‘लोइटरिंग म्यूनिशन’ और ‘पैनेट्रेटिंग वेपन्स’ का इस्तेमाल किया। किराना हिल्स पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में स्थित सरगोधा जिले का एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जिसे पाकिस्तान की सैन्य गतिविधियों और रक्षा ठिकानों के लिए जाना जाता है। यहां स्थित मुशाफ एयरबेस पाकिस्तान वायुसेना का एक प्रमुख बेस है।
एयर मार्शल भारती ने इन सभी अफवाहों को स्पष्ट रूप से खारिज किया और कहा कि भारत की ओर से पाकिस्तान के किसी भी परमाणु ठिकाने पर कोई हमला नहीं किया गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को गलत और भ्रामक बताया।यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण संबंधों के बीच इस तरह की अफवाहें दोनों देशों के बीच गलतफहमियां बढ़ा सकती थीं। भारतीय वायुसेना का यह स्पष्टीकरण दोनों देशों के बीच सैन्य तनाव को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण है।
