कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने मतदाता पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता “प्रत्येक पात्र व्यक्ति को मतदाता सूची में जोड़ने” का संकल्प लेकर अपने बूथों पर सक्रिय हों। उन्होंने कहा कि “लोकतंत्र की मजबूती मतदाता की सक्रियता से होती है और भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदारी सुनिश्चित करे। भाजपा अध्यक्ष चौधरी ने शनिवार को प्रदेश कार्यालय पर आयोजित बैठक में सभी पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वे संगठनात्मक सुदृढ़ता, जनसंपर्क और सेवा कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि “भाजपा का संगठन सेवा और राष्ट्रहित की भावना पर आधारित है। हम सभी को पार्टी की रीति-नीति और जनसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करना होगा।”प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने मतदाता पुनरीक्षण अभियान से पार्टी पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों एवं अभियान के संयोजको से आगामी मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में पूरी गंभीरता और निष्ठा से जुड़ने का आह्वान किया।प्रदेश महामंत्री संगठन ने कहा कि “मतदाता पुनरीक्षण” केवल एक निर्वाचन प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आधारशिला को मजबूत करने का अभियान है। संगठन के प्रत्येक स्तर पर बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल तक यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित होने से छूट न रहे। उन्होंने विशेष रूप से नए मतदाताओं जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उनके नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए योजनापूर्वक कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी बूथ समितियाँ, स्थानीय स्तर पर समन्वय बनाकर मतदाता सूची के संशोधन, नाम जोड़ने, सुधार और विलोपन की प्रक्रिया में सक्रिय योगदान दें। प्रत्येक कार्यकर्ता यह जिम्मेदारी समझे कि उसके बूथ पर कोई भी पात्र नागरिक मतदान से इसलिए न वंचित रह जाए कि उसका नाम मतदाता सूची में दर्ज न हो सका। उन्होंने कहा कि जो लोग किसी अन्य स्थान से आकर आप के बूथ पर रह रहे है उनके नाम पुराने स्थान जहां वो रहते थे, वहां से कटकर आपके बूथ की मतदाता सूची में दर्ज हो, इसके लिए भी आपको ऐसे नागरिकों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करना होगा। प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बैठक में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन अपनी सुदृढ़ संरचना और अनुशासित कार्यशैली के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने-अपने क्षेत्र में “कर्तव्यनिष्ठ और परिणामोन्मुखी कार्यशैली” अपनानी चाहिए। बैठक में प्रदेश में पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “आत्मनिर्भर भारत अभियान”, लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों व अन्य अभियानों पर भी चर्चा हुई।

