Search News

महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस कल तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उन्हें विधायक दल का नेता सर्वसम्मति से चुना गया है।

महाराष्ट्र
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kanwhizz Times
  • Updated: December 4, 2024

 कैनविज टाइम्स, लखनऊ । भाजपा. कोर कमेटी की बैठक में देवेंद्र फडणवीस के नाम पर मुहर लग गई है। इसके बाद भाजपा विधायक दल की बैठक में पार्टी नेताओं चंद्रकांत पाटिल और सुधीर मुनगांटीवार ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा। इस पर सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से देवेंद्र फडणवीस को अपना नेता चुना। केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में महाराष्ट्र विधानसभा भवन में विधायक दल की बैठक हुई। पांच दिसंबर को शाम पांच बजे दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में शपथ ग्रहण समारोह होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे।

विधायक दल की बैठक के बाद गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने एलान किया कि सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से देवेंद्र फडणवीस को विधायक दल का नेता चुना है। इसके बाद आशीष शेलार को महाराष्ट्र भाजपा का मुख्य सचेतक घोषित किया गया। नागपुर में फडणवीस के आवास के बाहर जश्न का माहौल है।

भाजपा. के महाराष्ट्र अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में पार्टी को ऐतिहासिक जीत मिली है। इसके बाद देवेंद्र फडणवीस ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने महायुति को ऐतिहासिक जनादेश दिया है, और हम महाराष्ट्र को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। गुरुवार को देवेंद्र फडणवीस तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। पहले वे 2014 में मुख्यमंत्री बने थे और 2019 में महज 80 घंटे के लिए सीएम रहे थे। इसके बाद, उन्होंने एकनाथ शिंदे की सरकार में डिप्टी सीएम की भूमिका निभाई थी।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति गठबंधन को प्रचंड बहुमत मिला, जिसमें भाजपा ने सबसे अधिक 132 सीटों पर जीत दर्ज की। एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने 57 सीटें, और अजित पवार की एनसीपी ने 41 सीटें जीतीं। महायुति गठबंधन ने कुल 236 सीटों पर जीत हासिल की है, और भाजपा को पांच निर्दलीय विधायकों का भी समर्थन मिला है।

Breaking News:

Recent News: