Search News

यूपी न्यूज़ : पीलीभीत में भीषण हादसा हुआ, जहां अनियंत्रित कार पेड़ से टकराकर खाई में गिर गई, जिससे छह लोगों की मौत हो गई।

पीलीभीत
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kanwhizz Times
  • Updated: December 6, 2024

कैनविज टाइम्स संवाददाता, पीलीभीत। पीलीभीत के न्यूरिया थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। हादसा गुरुवार रात करीब 12 बजे हुआ, जब एक तेज रफ्तार कार टनकपुर हाईवे पर स्थित न्यूरिया क्षेत्र में अचानक पेड़ से टकरा कर खाई में गिर गई और पलट गई।

हादसे के समय कार में सवार लोग वैवाहिक समारोह में शामिल होकर उत्तराखंड के खटीमा क्षेत्र लौट रहे थे। वे गांव चंदोई में एक शादी की दावत में शरीक हुए थे। मृतकों की पहचान खटीमा के गोटिया निवासी शरीफ, मुन्नी पत्नी नजीर, राकिब, मंजूर अहमद, और अमरिया थाना क्षेत्र के बांसखेड़ा गांव के बाबू उद्दीन के रूप में हुई है। हादसे में कार चालक अकरम (सत्रह मील, खटीमा) भी मारा गया।

घायलों में खटीमा के जमौर निवासी गुलाम अहमद, रईस अहमद, बांसखेड़ा निवासी जाफरी पत्नी बाबुद्दीन और पोटा खमरिया गांव की अमजदी बेगम शामिल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय, सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।

यह हादसा खटीमा निवासी मंजूर अहमद की बेटी हुस्ना बी के विवाह के दिन हुआ था। हुस्ना का विवाह सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव चंदोई निवासी अनवर से तय हुआ था और दावत में शामिल होने के लिए दुल्हन पक्ष के लोग वहां पहुंचे थे।

Breaking News:

Recent News: