Search News

रायपुर सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से 14 की मौत, 30 घायल, शादी समारोह से लौट रहे थे सभी

रायपुर के खरोरा क्षेत्र में बाना गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई और 30 लोग घायल हो गए। माजदा वाहन और तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर में कई लोग वाहन में फंसे रह गए। राहत-बचाव कार्य जारी है।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kritika pandey
  • Updated: May 12, 2025

कैनवीज़ टाइम्स , डिजिटल डेस्क । 

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खरोरा क्षेत्र के बाना गांव में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 14 लोगों की जान चली गई और 30 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब ग्राम चटौद के ग्रामीण एक स्वराज माजदा वाहन से विवाह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। घटना रायपुर-बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर रात लगभग 12:15 बजे हुई।

कैसे हुआ हादसा?

सारागांव के पास तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रेलर ने सामने से माजदा वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि माजदा वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार 14 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं और इनमें एक वर्ष से कम उम्र का बच्चा भी है।

50 से अधिक लोग थे सवार

माजदा वाहन में 50 से अधिक लोग सवार थे, जो शादी पश्चात आयोजित छट्ठी कार्यक्रम से लौट रहे थे। टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। घायलों को तुरंत खरोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और रायपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। राहत-बचाव कार्य में खरोरा पुलिस और स्थानीय प्रशासन जुटा हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मामले की जांच जारी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है, जो हादसे के बाद फरार हो गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद बाना गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है।

Breaking News:

Recent News: