कैनवीज़ टाइम्स , डिजिटल डेस्क ।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी लखनऊ में आयोजित मॉकड्रिल कार्यक्रम के दौरान आतंकियों को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा, “जिन्होंने हमारी बहन-बेटियों का सिंदूर छेड़ा, उन्होंने अपना खानदान खोया। ऑपरेशन सिंदूर आतंकियों को करारा जवाब है, जो भारत की बहन-बेटियों का अपमान करने की कोशिश करते हैं।” मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत की तीनों सेनाओं ने आतंकियों को उनकी हरकतों का उचित जवाब दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री और केंद्रीय मंत्रियों का भी इस सैन्य कार्रवाई के लिए धन्यवाद दिया।
योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया कि भारत की सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, "हमारी सेना, हमारी सुरक्षा एजेंसियां और सरकार देश की सुरक्षा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं और जो कोई भी देश की एकता और अखंडता पर हमला करेगा, उसे करारा जवाब मिलेगा।"
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने देशवासियों से भी अपील की कि वे सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ाएं और राष्ट्र की सुरक्षा में अपना योगदान दें। कार्यक्रम में सेना और पुलिस के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
