कैनवीज़ टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
बुधवार को संत प्रेमानंद महाराज अपनी नियमित पदयात्रा पर थे, जब वे एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। सुबह साढ़े नौ बजे संत प्रेमानंद महाराज वृंदावन परिक्रमा मार्ग पर अपने भक्तों के साथ चल रहे थे। इसी दौरान उनके स्वागत के लिए लगाए गए लोहे के भारी ट्रस का हिस्सा अचानक हिलने लगा और गिरने की स्थिति में आ गया। घटना के समय प्रेमानंद महाराज अपने आश्रम से बाहर निकलकर पदयात्रा की शुरुआत कर चुके थे। अचानक ट्रस के हिलने और गिरने का दृश्य देखकर वहां मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। लेकिन प्रेमानंद महाराज की सुरक्षा में तैनात लोगों ने तुरंत सतर्कता दिखाई और गिरते हुए ट्रस को संभाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
महाराज के भक्तों का कहना है कि राधा रानी की कृपा से संत सुरक्षित रहे और कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। घटना के बाद प्रेमानंद महाराज ने अपने भक्तों को शांत रहने का संदेश दिया और पदयात्रा को आगे बढ़ाया।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें श्रद्धालुओं की घबराहट और महाराज की सुरक्षित वापसी को साफ देखा जा सकता है। स्थानीय भक्तों ने प्रशासन से सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। संत प्रेमानंद महाराज प्रतिदिन वृंदावन में पदयात्रा करते हैं, जहां उनके भक्त उनका स्वागत करने के लिए विभिन्न स्थानों पर खड़े रहते हैं। यह घटना उनके नियमित कार्यक्रम के दौरान हुई, लेकिन सतर्कता और प्रभु कृपा से बड़ा हादसा टल गया।
