कैनविज टाइम्स , डिजिटल डेस्क ।
शाहजहांपुर के खुटार थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक 22 वर्षीय युवती की शादी से महज पांच दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, युवती का प्रेम प्रसंग पवन कश्यप नामक युवक से काफी समय से चल रहा था, लेकिन परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे और उन्होंने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी। युवती की शादी 10 मई को होनी थी और 6 मई को तिलक की रस्म आयोजित की जानी थी। लेकिन रविवार रात पवन युवती के घर पहुंचा और दोनों ने कथित रूप से जहर खा लिया। युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पवन को परिजनों ने पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी आरके रावत मौके पर पहुंचे और युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं।
परिजनों का आरोप है कि पवन जबरन शादी के लिए दबाव बना रहा था और मना करने पर उसने रात में घर में घुसकर युवती को जबरन जहर पिलाया, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं पवन ने भी जहर खा लिया, जिसे पहले सीएचसी ले जाया गया और फिर हालत गंभीर होने पर उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज बरेली रेफर किया गया है।
गांव में इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सके।
