कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
दिल्ली-NCR में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ली। दिनभर की झुलसाने वाली गर्मी के बाद शाम को तेज आंधी और बारिश ने लोगों को राहत दी। भारतीय मौसम विभाग (IMD) की चेतावनी के अनुसार 29-30 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट पहले ही जारी किया गया था। शाम को दिल्ली और आसपास के कई इलाकों में करीब 57 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली और तेज बारिश हुई। तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं, जिससे यातायात पर असर पड़ा। खासतौर पर गुरुग्राम के सेक्टर 84 स्थित अंतरिक्ष हाइट्स सोसायटी के बाहर आंधी में गिरा एक पेड़ कई गाड़ियों पर गिर गया, जिससे उन्हें नुकसान हुआ। इसके अलावा दिल्ली के विभिन्न मार्गों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। कुछ क्षेत्रों में जलभराव की भी समस्या देखी गई जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई। हालांकि, इस मौसम परिवर्तन से तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। IMD ने अगले कुछ घंटों में भी दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है। नागरिकों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
